दुर्ग में रईसजादों ने छात्र की पिटाई की है। (प्रतीकात्मक फोटो)
दुर्ग जिले के भिलाई में आयोजित पं.धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनकर लौट रहे 11वीं के छात्र और उसके भाई के साथ मारपीट हुई है। 26 दिसंबर की शाम अग्रसेन चौक के पास ऑडी कार सवार रईसजादों ने उन्हें ये कहकर पीटा कि ‘हमारी कार को मत घूरो’।
.
मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। दरअसल कथा से लौटते समय छात्र चिप्स खाने के लिए दुकान में रुके थे। वहां से ऑडी कार गुजर रही थी तो उसे देखने लगे। इसी बात से नाराज ऑडी कार सवारों ने मारपीट की और भाग गए। आरोपियों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुपेला थाना पुलिस मामले में आगे जांच कर रही है।
घर लौटते समय मारपीट
शंकर नगर दुर्ग निवासी 11वीं के छात्र ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह हुडको स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र है। 26 दिसंबर की शाम वह अपने भाई रुद्रा प्रताप सिंह चौहान, बुआ भारती सिंह चौहान और दादी कमला सिंह परिहार के साथ सेक्टर-06 स्थित जयंती स्टेडियम में बागेश्वर सरकार की कथा सुनने गया था।
कथा समाप्त होने के बाद सभी लोग अपने-अपने स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ऑडी चालकों से विवाद हुआ।
ऑडी से निकले युवकों ने कहा- हमारी कार को मत घूरो’
प्रार्थी ने बताया कि अग्रसेन चौक के पास वो और उसका भाई कैफिनो के पास चिप्स खाने के लिए रुक गए, जबकि बुआ और दादी आगे निकल गईं। शाम करीब 7.15 बजे वहां एक आडी कार (क्रमांक CG07AZ7772) आकर रुकी, जिसमें से दो युवक बाहर निकले।
इसके बाद उन्होंने छात्र और उसके भाई को कहा कि वे उनकी कार को क्यों घुर रहे हो। दोनों युवकों ने इसी बात की वजह से छात्र और बीच बचाव करने आए बड़े भाई की पिटाई कर दी। मारपीट के कारण छात्र की बाई आंख के पास चोट आई, वहीं भाई रुद्रा प्रताप सिंह को सिर के पीछे गंभीर चोट लगी है।
मारपीट करने के बाद फरार हो गए आरोपी
घटना के बाद आरोपी दोनों युवक कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। पीड़ितों ने घटना की जानकारी अपनी बुआ और दादी को दी, जिसके बाद सभी थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और कार नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।