So far 353 mm of rain has occurred, which is 15% more than the average | तरबतर छत्तीसगढ़: अब तक 353 मिमी बारिश ये औसत से 15 फीसदी ज्यादा – Raipur News

Author name

July 10, 2025



कठीन रास्ता… जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे ग्रामीण, गांवों का संपर्क कटा

.

कांकेर. ये तस्वीर मेढ़की नदी पर बने एनीकट की है। कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा में हो रही लगातार बारिश से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। कहलानदी, मन्हाकाल और तिरकाघाट में जलस्तर बढ़ने से अंदरूनी गांवों का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय से टूट गया है। मेढ़की नदी में पानी एनीकट के ऊपर से बह रहा है। इसके बावजूद लोग मजबूरी में जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे हैं।

ठेकेदार की लापरवाही

कांकेर जिले के मेढ़की नदी पर कई वर्षों से पुल निर्माण अधूरा है। ठेकेदार की लापरवाही से काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है।

जुलाई के पहले दस दिनों में मानसून ने पूरे छत्तीसगढ़ को इस कदर तरबतर किया है कि 10 जुलाई तक मानसून की बारिश औसत से अधिक पहुंच चुकी है। 1 जून से 10 जुलाई तक प्रदेश में 309.7 मिमी बारिश होनी चाहिए। इसके विपरीत अब तक 353.7 मिमी पानी गिर चुका है। यह औसत से 15 फीसदी ज्यादा है। अभी मानसून की गतिविधियां जारी हैं। इससे बारिश की मात्रा में वृद्धि होगी। वहीं, रायपुर में गुरुवार को तीन घंटे में ही 8.4 मिमी पानी बरस गया। माना में 56 मिमी बारिश हुई।

30 जून तक प्रदेश में बारिश की मात्रा औसत से करीब 26 फीसदी तक कम थी। पूरे प्रदेश में करीब 200 मिमी के आसपास की बारिश हुई थी। 30 जून के बाद मानसून की गतिविधियों में वृद्धि शुरू हुई। पिछले दस दिनों में ही प्रदेश में डेढ़ सौ मिमी से ज्यादा पानी बरस गया। राज्य के सभी संभाग और जिलों में जमकर वर्षा हुई।

यही वजह है कि अधिकांश जिले सामान्य या उससे अधिक वर्षा वाले क्षेत्रों में शामिल हो गए हैं। अभी सिर्फ दो जिले बेमेतरा और सुकमा में ही थोड़ी कम बारिश हुई है। बेमेतरा में 166.4 मिमी पानी गिरा है। यह औसत से 40 फीसदी कम है, जबकि सुकमा में 205.6 मिमी वर्षा हुई।

13 जिलों में ज्यादा हो गई बरसात 14 जिलों में सामान्य बारिश हो चुकी है। 13 जिलों में सामान्य से ज्यादा तथा चार जिलों में सामान्य से बहुत ज्यादा बारिश हो चुकी है। बारिश का वितरण पूरे प्रदेश में लगभग एक समान रहा है। आने वाले एक-दो दिनों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इससे राज्य के कुछ-कुछ इलाकों में अच्छी वर्षा होगी।

आज भी तेज बारिश की संभावना मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अगले चार-पांच दिनों में वर्षा की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। शुक्रवार 11 जुलाई को रायपुर में आसमान में हल्के बादल रहने के साथ एक-दो बार बारिश होने की संभावना है।



Source link