![]()
बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र के जलसो गांव में शराब के लिए पैसे न देने पर एक बेटे ने अपने साथी के साथ मिलकर पिता की किराना दुकान में आग लगा दी। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी बेटे और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
.
पुलिस के अनुसार, जलसो निवासी लल्लू लाल श्रीवास्तव (78) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका बेटा राजेश श्रीवास्तव (45) शराब पीने का आदी है। मंगलवार शाम करीब 4 बजे राजेश घर आया और शराब पीने और मोटरसाइकिल बनवाने के लिए अपने पिता से पैसे मांगे। लल्लू लाल ने उसे 500 रुपये दिए।
शराब के लिए पैसों की मांग की फिर की मारपीट
इसके बाद भी राजेश श्रीवास्तव अपने साथी मुरली तिर्की (35) के साथ दोबारा घर आया और शराब के लिए और पैसों की मांग करने लगा। पिता द्वारा मना करने पर राजेश और मुरली ने लल्लू लाल को गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट की।
पैसे न देने पर दुकान में लगाई आग
मारपीट में घायल लल्लू लाल ने पुलिस को बताया कि पैसे न देने पर राजेश ने उनकी किराना दुकान में आग लगा दी। इस अग्निकांड में दुकान में रखा करीब 70 हजार रुपये का किराना सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
कोनी पुलिस ने लल्लू लाल की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने जलसो गांव में दबिश देकर राजेश श्रीवास्तव और उसके साथी मुरली तिर्की को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।