Teenager commits suicide, brother arrested | किशोरी ने की आत्महत्या, भाई गिरफ्तार: नशे में धुत भाई ने बहन से की थी मारपीट, बाल पकड़ कर थप्पड़ मारे, पुलिस ने भेजा जेल – Balrampur (Ramanujganj) News

Author name

October 13, 2025



छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एक 17 वर्षीय किशोरी ने अपने भाई की मारपीट से आहत होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह घटना थाना कोरंधा क्षेत्र के ग्राम पत्थलटोली सुरबेना में हुई।

.

जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2025 को राधा केरकेट्टा (17) अपनी सहेली चंदा के साथ करमा त्यौहार देखने बस्ती गई थी। शाम करीब 4 बजे वह घर लौटी और थकान के कारण सो गई।

नशे में धुत भाई ने बहन से की मारपीट

उसी शाम लगभग 6:30 से 7:00 बजे के बीच, राधा का बड़ा भाई विकास केरकेट्टा (25) नशे की हालत में घर आया। उसने राधा को बिस्तर पर सोता देख शराब पीने को लेकर बहस की। विकास ने गुस्से में राधा के बाल पकड़े और उसके गाल पर दो थप्पड़ मारे, जिससे वह दोबारा बिस्तर पर गिर गई।

मारपीट के बाद बहन ने आत्महत्या की

मारपीट के बाद विकास अपने कमरे में सोने चला गया और परिवार के अन्य सदस्य भी सो गए। अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे राधा के छोटे भाई विपुल ने उसे घर के पास पकरी पेड़ की डगाल में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या करते देखा।

घटना की सूचना मिलने पर थाना कोरंधा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 11/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। मर्ग जांच, गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ कि राधा ने भाई विकास की गाली-गलौज और मारपीट से मानसिक रूप से परेशान होकर यह कदम उठाया।

आरोपी विकास केरकेट्टा ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 33/2025 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।



Source link