बलौदाबाजार में तहसील परिसर में भरा पानी
बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिला मुख्यालय स्थित तहसील कार्यालय परिसर, पंजीयन कार्यालय और एसडीएम कार्यालय में पानी घुस गया है। इससे प्रशासनिक कामकाज ठप हो गया है।
.
कार्यालय परिसर में पानी भरने से आने-जाने वाले लोगों के जरूरी दस्तावेज खराब होने का खतरा है। जिला संयुक्त कार्यालय परिसर में मातृत्व कक्ष भी जलभराव की चपेट में आ गया है। इससे गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
इस सीजन में जिले में अब तक औसतन 481.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से लगभग 5% अधिक है। सड़कों पर भरे पानी के कारण लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है। पैदल यात्रियों को भीषण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जल निकासी की व्यवस्था ठप, तहसील परिसर जलमग्न
जिले के कई इलाकों में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हालात और बिगड़े हैं। इससे पहले भी नगर पालिका में जल निकासी की समस्या को लेकर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।
अयूब खान ने कहा, “मैं अपनी जमीन संबंधी काम से तहसील आया था। लेकिन यहां इतना पानी भरा है कि आना-जाना मुश्किल हो रहा है। समझ नहीं आ रहा कि काम कैसे होगा। प्रशासन को तुरंत पानी निकालने का इंतजाम करना चाहिए।”
नरेंद्र साहू ने बताया, “तहसील परिसर में पानी भरने से हमें बहुत परेशानी हो रही है। प्रशासन जल्द से जल्द इसकी निकासी का काम शुरू करे ताकि लोगों को राहत मिल सके।”