जशपुर में लावा नदी के एनीकट में फंसा ट्रैक्टर चालक, रेस्क्यू जारी
जशपुर में पिछले 48 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे मनोरा ब्लॉक के डूमरटोली में एक गंभीर घटना सामने आई। एक ट्रैक्टर चालक एनीकट को पार करने के दौरान तेज धार में फंस गया।
.
स्थानीय निवासी सोहन भगत के अनुसार, लावा नदी में बने एनीकट पर लगातार बारिश के कारण पानी का तेज बहाव था। इसके बावजूद एक ट्रैक्टर चालक ने एनीकट पार करने का प्रयास किया। एनीकट के मध्य में पहुंचते ही ट्रैक्टर पानी की तेज धार में फंस गया और उसका अगला हिस्सा तिरछा हो गया। ट्रैक्टर में लगा लोहे का हल सीमेंट के एनीकट में फंस जाने से चालक की जान बच गई।

तेज बहाव में फंसे ट्रैक्टर चालक का रेस्क्यू जारी
नगर सेना के जिला कमांडेंट विपिन किशोर लकड़ा गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने पहले रस्सी और लाइफ जैकेट के जरिए चालक को निकालने का प्रयास किया। पानी के तेज बहाव के कारण यह प्रयास विफल रहा। एक जवान ने सुरक्षा उपकरणों के साथ तेज धार में चालक तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वह भी सफल नहीं हो सका।
कमांडेंट लकड़ा ने एसएसपी शशि मोहन सिंह से ड्रोन की सहायता मांगी है। SDRF की टीम चालक को सुरक्षित निकालने के लिए प्रयासरत है। जिला कमांडेंट ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान पुल या बांध पर पानी का बहाव होने पर उसे पार करने का प्रयास न करें।






