कोरबा में सपना चौधरी के शो के बाद हंगामा
छत्तीसगढ़ के कोरबा में मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम के बाद विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद पैसे को लेकर हुआ। बताया जा रहा है कि जब सपना चौधरी अपने कमरे में सो रही थीं, तब चार लोगों ने उनके कमरे का दरवाजा लात मारकर तोड़ने की को
.
इस मामले में जश्न रिसॉर्ट के मालिक करणदीप ने हमला करने वाले चारों लोगों के खिलाफ सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं आयोजन समिति के अनिल द्विवेदी ने भी काउंटर शिकायत की है।



अब जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी का प्रोग्राम रविवार को जश्न रिसॉर्ट में हुआ। जब कार्यक्रम खत्म हो गया तब सपना चौधरी और उनकी टीम रिसॉर्ट में चली गई।
देर रात जब सपना चौधरी अपने कमरे में सो रही थीं, तब चार लोगों ने उनके कमरे का दरवाजा लात मारकर तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज की और गोली मारने की धमकी भी दी।
रिपोर्ट के अनुसार, उन लोगों ने सपना चौधरी की टीम के साथ झगड़ा किया, मारपीट की और माहौल बिगाड़ने के लिए लोगों को भड़काकर भीड़ जुटा ली। हालात इतने तनावपूर्ण होता देख जश्न रिसॉर्ट के मालिक करणदीप ने बीच-बचाव कर लोगों को समझाया। लेकिन इसके बाद वे लोगों ने रिसॉर्ट में तोड़फोड़ और हंगामा किया।
इसके बाद करणदीप ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

करणदीप ने चार लोगों पर दर्ज कराई शिकायत
करणदीप ने रिसॉर्ट में तोड़फोड़ और हंगामा करने वाले अमित नवरंगलाल, अनिल द्विवेदी, युगल शर्मा, सुजल अग्रवाल के खिलाफ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
करणदीप का आरोप है कि इन लोगों ने सपना चौधरी की टीम से ज्यादा पैसे मांगते हुए गाली-गलौज और मारपीट की। जब उन्हें रोका गया तो रिसोर्ट में तोड़फोड़ कर दी, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर उठा ले गए और 10,000 रुपए नकद भी ले गए।
करणदीप ने बताया कि इस घटना में करीब 7 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। करणदीप ने यह भी शिकायत की है कि इन लोगों ने उनके भाई और स्टाफ के साथ भी मारपीट की।
वहीं आयोजन समिति के अनिल द्विवेदी ने भी रिसॉर्ट के मालिक करणदीप और उसके भाई के खिलाफ शिकायत की है।
ये है विवाद की वजह
मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी का यह कार्यक्रम लगभग ढाई घंटे का तय था, लेकिन यह सिर्फ एक घंटे में ही खत्म हो गया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर हुल्लड़बाजी होती रही।
लोग स्टेज पर पैसे फेंकते रहे और स्टेज पर चढ़ने की कोशिश करते रहे। सपना चौधरी बार-बार दर्शकों से शांत रहने और अपनी सीटों पर बैठने की अपील करती रहीं। अव्यवस्था के चलते उन्होंने सिर्फ तीन-चार गानों पर ही परफॉर्म किया और फिर मंच छोड़ दिया।
इससे नाराज होकर आयोजन समिति के सदस्यों ने सपना चौधरी की टीम से ज्यादा पैसे मांगने आरोप लगाते हुए रिसॉर्ट में उनकी टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
इस कार्यक्रम में कोरबा सहित बिलासपुर और जांजगीर-चांपा से भी दर्शक आए थे।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।