![]()
सूरजपुर जिले के वनांचल क्षेत्र में स्थित माध्यमिक शाला करोटी ए के एक टीचर का स्कूल समय में शराब पीते हुए वीडियो वायरल हुआ है। ग्रामीणों ने शिक्षक संजय सिंह को रंगे हाथ पकड़ा, जिसके बाद यह घटना सामने आई।
.
ग्रामीणों के मुताबिक, शिक्षक संजय सिंह अक्सर शराब पीकर स्कूल आते थे और उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर बाहर निकल जाते थे। उनकी इस आदत से परेशान होकर गांव के जागरूक युवाओं ने उन्हें स्कूल समय में शराब पीते हुए पकड़ा।
मौके पर जब उनसे बात की गई, तो वे ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे और अपनी हरकतों को छिपाने की कोशिश में थे।
पहले भी हो चुकी है शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। पहले भी गांव के सरपंच रामलोचन सिंह ने इस टीचर के खिलाफ संबंधित विभाग से शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी इस मामले से अवगत हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल, कार्रवाई का इंतजार
फिलहाल, ग्रामीणों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। उनका कहना है कि देखना होगा कि शिक्षक संजय सिंह के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई की जाती है या मामला एक बार फिर लीपापोती कर दबा दिया जाएगा।