तीन ट्रेलरों की टक्कर के बाद लगी आग, एक चालक की जिंदा जलकर मौत

Author name

February 8, 2026


जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र से आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर ग्राम कोटगढ़ के पास तड़के करीब चार से पां …और पढ़ें

Publish Date: Sun, 08 Feb 2026 11:09:39 AM (IST)Updated Date: Sun, 08 Feb 2026 11:11:56 AM (IST)

जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा : तीन ट्रेलरों की टक्कर के बाद लगी आग, एक चालक की जिंदा जलकर मौत
जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा

नईदुनिया प्रतिनिधि,जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र से आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर ग्राम कोटगढ़ के पास तड़के करीब चार से पांच बजे के बीच कोयले से लदे तीन ट्रेलर आपस में टकरा गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ट्रेलरों में आग लग गई। इस हादसे में एक ट्रेलर चालक की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं तीसरे वाहन के चालक को सामान्य चोटें आई हैं। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रेलरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों ट्रेलर तेज रफ्तार में थे। अचानक हुए इस हादसे के बाद ट्रेलरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलरों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा।

ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को ट्रेलर के केबिन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

राहत एवं बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण अकलतरा-बलौदा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का क्या कहना है

अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार सामने आई है। मृतक और घायल चालक का नाम पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- नवा रायपुर का ‘वर्ल्ड क्लास’ सरकारी स्कूल इस साल भी रहेगा बंद, अब निजी हाथों में सौंपने की तैयारी



Source link