CG Crime News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चार माह सात दिन की बच्ची का शव घर के पीछे गड्ढे में मिला है। घटना की जानकारी पामगढ़ पुलिस को मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की गई। इस दौरान आसपास तलाश करने पर घर के पीछे गड्ढे के पानी में शव बरामद किया।
By Mohan Kumar
Publish Date: Sun, 13 Jul 2025 09:14:22 PM (IST)
Updated Date: Sun, 13 Jul 2025 09:14:22 PM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर चांपा: जिले के ग्राम धाराशिव में चार माह सात दिन की बच्ची मानवी गोस्वामी पिता राजेश गोस्वामी का शव घर के पीछे गड्ढे में मिला है। आशंका जताई जा रही है कि मासूम बच्ची का पहले अपहरण किया गया होगा और उसके बाद उसकी हत्या कर शव को घर के पीछे गड्ढे में फेका दिया गया होगा। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र की है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार मासूम बच्ची की नानी जासु गोस्वामी ने बताया कि उसकी बेटी पूनम गोस्वामी की शादी शहडोल में हुई। उसकी बेटी पूनम डिलीवरी के लिए चार माह पहले अपने मायके आई हुई थी। आज रविवार की दोपहर करीबन एक बजे मां पूनम बच्ची को अपने पास सुलाई हुई थी।
वहीं तबीयत खराब होने पर खुद भी गोली खा कर सो गई थी। इस दौरान क्या हुआ कुछ पता नहीं चला। जब पूनम सोकर अचानक उठी तो अपनी बच्ची को खोजने लगी और अपनी मां जासु गोस्वामी के पास जाकर पूछने लगी जो कि बगल के दूसरे कमरे में सो रही थी। इस दौरान उसके पास बच्ची की नहीं होने पर दोनों मां बेटी ने खोजबीन शुरू की मगर कुछ पता नहीं चला।
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद
घटना की जानकारी पामगढ़ पुलिस को मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की गई इस दौरान आस पास तलाश करने पर घर के पीछे गड्ढे के पानी में शव बरामद किया। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिंग टीम को मौके पर बुलाया गया है। मासूम बच्ची वहां कैसे पहुंची यह एक रहस्य बना हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसकी अपहरण कर हत्या की गई होगी और शव को गड्ढे में फेक दिया गया होगा। फिलहाल पामगढ़ पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।