हेमंत राठौर ने विधायक के निर्माणाधीन मकान में कार्यरत मजदूरों से एसी का आउटर यूनिट हटाने कहा। इस बात पर विधायक बालेश्वर साहू ने अपने मकान के पोर्च में आकर प्रार्थी एवं उनके परिवारजनों से अनावश्यक विवाद किया तथा गाली-गलौज की। इस दौरान हेमंत राठौर द्वारा पूरी घटना की मोबाइल से रिकॉर्डिंग की जा रही थी, जिसे देखकर विधायक द्वारा मोबाइल छीनकर रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी गई।
By Navodit Saktawat
Publish Date: Tue, 01 Jul 2025 04:44:54 PM (IST)
Updated Date: Tue, 01 Jul 2025 04:46:57 PM (IST)

जांजगीर चांपा। जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू को चांपा पुलिस ने पड़ोसी से मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया और मुचलके पर रिहा कर दिया। पुलिस के अनुसार 10 जून को शंकर नगर चांपा निवासी चंद्रशेखर राठौर ने थाना चांपा में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक ने रिपोर्ट में उल्लेख किया कि उनके पड़ोसी विधायक बालेश्वर साहू द्वारा उनके मकान की दीवार पर जबरन अपना एसी का आउटर यूनिट लगाया गया है।
इस संबंध में कई बार मौखिक आग्रह करने के बाद भी यूनिट नहीं हटाया गया। घटना दिनांक 10 जून को चंद्रशेखर राठौर के जीजा हेमंत राठौर, जो कि जांजगीर में ठेकेदारी कार्य करते हैं, उनके घर पर मौजूद थे। प्रार्थी द्वारा घटना की जानकारी देने पर हेमंत राठौर ने विधायक के निर्माणाधीन मकान में कार्यरत मजदूरों से एसी का आउटर यूनिट हटाने कहा।
इस बात पर विधायक बालेश्वर साहू ने अपने मकान के पोर्च में आकर प्रार्थी एवं उनके परिवारजनों से अनावश्यक विवाद किया तथा गाली-गलौज की। इस दौरान हेमंत राठौर द्वारा पूरी घटना की मोबाइल से रिकॉर्डिंग की जा रही थी, जिसे देखकर विधायक द्वारा मोबाइल छीनकर रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी गई।
विरोध करने पर हेमंत राठौर को 6–7 थप्पड़ मारते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत की जांच उपरांत प्रकरण में अपराध घटित होना प्रमाणित पाए जाने पर आरोपित विधायक बालेश्वर साहू के विरुद्ध अपराध की धारा 329(4), 296, 351(2), 115 (2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान अपराध सिद्ध पाए जाने पर 29 जून को विधायक बालेश्वर साहू को विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण जमानतीय होने से उन्हें मुचलका, जमानत पर रिहा किया गया है। गिरफ्तारी की सूचना विधानसभा अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ विधानसभा, रायपुर को प्रेषित की गई है।