पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने दो रातों के भीतर जिले के अलग-अलग इलाकों में 5 जगह डकैती और हत्या के प्रयास की वारदातों को अंजाम दिया था। लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्र में घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान गिरोह के 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घेराबंदी तोड़ने की कोशिश, पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए गिरोह का आठवां और मुख्य साजिशकर्ता रामनाथ अचानक सामने आया और देसी कट्टे से पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। हालात को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपितों के हमले में 13 घायल, 2 अब भी आईसीयू में, एक कोमा में
जिले में 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ क्षेत्र में लगातार पांच स्थानों पर लूटपाट और जानलेवा हमलों की वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले खतरनाक गिरोह पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अब तक गिरोह के नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है।
इन वारदातों में कुल 13 आम नागरिक घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों का इलाज बिलासपुर और रायपुर के निजी अस्पतालों में चल रहा है, जबकि एक पीड़ित अभी भी कोमा में है। वहीं पकड़े गए सभी आरोपित थाना शिवरीनारायण एवं पामगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं।
रॉड-डंडों से सिर पर वार कर मचाया आतंक
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित लोहे की रॉड और डंडा लेकर बाइक से सुनसान रास्तों पर घूमते थे। राह चलते लोगों को रोककर सीधे सिर पर वार करते थे। इसके बाद मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे। वारदात के दौरान रास्ते में जो भी व्यक्ति मिलता, उस पर सामूहिक रूप से हमला कर दहशत फैलाना इनके अपराध की शैली थी।
आरोपितों के हमले में यह राहगीर हुए घायल
आरोपितों के हमले से थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम कचंदा निवासी मुकेश राय सागर और अमन बंजारे की स्थिति गंभीर है। दोनों बिलासपुर के एक निजी अस्पताल के ICU में भर्ती हैं। इसी प्रकार आरोपितों के हमले में दीपक कुमार कश्यप, निवासी बोईदा, प्रशांत कश्यप, निवासी बोईदा, अनिकेत राय सागर, निवासी कचंदा सिर में चोट लगी है। इसी प्रकार आर्यन, निवासी कचंदा, सुमित बंजारे के सिर में चोट आई है।
थाना पामगढ़ क्षेत्र कैलाश दास मानिकपुरी, ग्राम सोनसरी, जिला बिलासपुर, बसंत दास, ग्राम खोखरी, शुभम यादव, निवासी बारगांव, संजीव कुर्रे, ग्राम भवतरा, आशीष वानी, निवासी बारगांव, लक्ष्मण यादव, ग्राम कचंदा के सिर में गंभीर चोट है।
ये आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपित निखिल टंडन (18 वर्ष), मनीराम गोंड (19 वर्ष), नरेश यादव (19 वर्ष), रोशन टंडन (19 वर्ष), आयुष रात्रे (18 वर्ष) और दो नाबालिग लड़कों के साथ रामनाथ (मुठभेड़ में घायल) को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के विरुद्ध थाना शिवरीनारायण एवं थाना पामगढ़ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।