सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार नहर में जा गिरी। इस दुर्घटना के दौरान गाड़ी में 6 लोग सवार थे। हादसे में ड्राइवर समेत 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं 4 लोग घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
Publish Date: Tue, 28 Oct 2025 01:14:53 PM (IST)
Updated Date: Tue, 28 Oct 2025 01:19:22 PM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर चांपा। सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोता गांव के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल छह लोग सवार थे, जो कोरबा से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर ग्राम कुसमूल लौट रहे थे। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच जब वाहन पोता गांव स्थित शराब भट्ठी के समीप पहुंचा, तभी अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सीधे नहर में जा गिरी।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर वाहन के शीशे तोड़कर सभी सवारों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को सक्ती के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उपचार के दौरान चालक और एक नाबालिग की मौत हो गई।
थाना प्रभारी प्रवीण राजपूत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। वाहन को नहर से बाहर निकाल लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के गृहग्राम कुसमूल में शोक का माहौल है।