CG Crime: दीवाली पर घर के सामने पटाखा फोड़ने से रोकने पर कर दी बेरहमी से हत्या, सुबह मां को मिली लाश

Author name

October 21, 2025


जांजगीर-चांपा के कोटमी सोनार चौकी क्षेत्र में दीवाली की रात घर के सामने पटाखा फोड़ने से रोकने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। विवाद के बाद आरोपी वहां से चले गए। सुबह जब मां ने कमरे में देखा तो बेटे का शव खुन से सना मिला।

Publish Date: Tue, 21 Oct 2025 11:44:02 AM (IST)

Updated Date: Tue, 21 Oct 2025 11:49:23 AM (IST)

CG Crime: दीवाली पर घर के सामने पटाखा फोड़ने से रोकने पर कर दी बेरहमी से हत्या, सुबह मां को मिली लाश
पटाखा फोड़ने से रोकने पर कर दी हत्या

नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर-चांपा। दीपावली की खुशियों के बीच अकलतरा क्षेत्र के कोटमी सोनार गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। पटाखा फोड़ने की मामूली बात पर गांव के 45 वर्षीय बालमुकुंद सोनी की हत्या कर दी गई। घटना कोटमी सोनार चौकी क्षेत्र के रेलवे स्टेशन मोहल्ले की है, जहां मृतक अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहता था।

जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात कुछ युवक बालमुकुंद सोनी के घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। पटाखों के तेज शोर से परेशान होकर बालमुकुंद और उनकी मां ने युवकों को थोड़ी दूरी पर जाकर पटाखे फोड़ने को कहा। इस पर युवकों के साथ उनकी हल्की नोकझोंक हो गई और वे वहां से चले गए।

लेकिन सुबह जब उनकी मां ने बेटे को कमरे में देखा तो रक्त से सनी लाश देखकर दहशत में आ गईं। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और तत्काल कोटमी सोनार चौकी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय, टीआई भास्कर शर्मा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और हत्या की जांच शुरू कर दी है।

गांव की राजनीति में सक्रिय

मृतक बालमुकुंद सोनी गांव की राजनीति में सक्रिय थे और चुनाव के दौरान लोगों को निष्पक्ष मतदान के लिए जागरूक करने का काम करते थे। वे अविवाहित थे और अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहते थे, जबकि उनके दो भाई बाहर नौकरी करते हैं।

कोटमी सोनार में यह छह माह में दूसरी हत्या

कोटमी सोनार में यह छह माह में दूसरी हत्या है। कुछ माह पूर्व भी गांव में अवैध संबंधों के विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या की गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है।



Source link