Janjgir Accident: स्कॉर्पियो और ट्रक में जोरदार टक्कर, सेना के 2 जवान सहित 5 लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल

Author name

November 26, 2025


CG Road Accident: जांजगीर थाना क्षेत्र के सुकली गांव के पास नेशनल हाईवे-49 पर मंगलवार-बुधवार की रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बारात से लौट रही एक स्कॉर्पियो और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

Publish Date: Wed, 26 Nov 2025 09:42:30 AM (IST)

Updated Date: Wed, 26 Nov 2025 09:47:24 AM (IST)

Janjgir Accident: स्कॉर्पियो और ट्रक में जोरदार टक्कर, सेना के 2 जवान सहित 5 लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल
बारात से लौट रही स्कार्पियो और ट्रक की जोरदार टक्कर

HighLights

  1. स्कार्पियो और ट्रक की जोरदार भिड़ंत
  2. मृतकों में दो सेना के जवान भी शामिल
  3. दोनों की कुछ दिन पहले हुई थी शादी

नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर-चांपा। जिले के जांजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकली गांव के पास नेशनल हाईवे-49 पर देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना (janjgir road accident) हो गई। नवागढ़ से बारात से लौट रही स्कार्पियो और तेज रफ्तार ट्रक की जोरदार भिड़ंत में स्कार्पियो सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, नवागढ़ के रहने वाले करीब आठ लोग स्कार्पियो में सवार होकर पंतोरा गांव बारात में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद देर रात लौटते समय सुकली गांव के पास एनएच-49 पर ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर जांजगीर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। टक्कर में तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों के नाम

  • विश्वनाथ देवागन, पिता सुखरु देवागन (उम्र 43)
  • राजेंद्र कश्यप, पिता कोमल कश्यप (उम्र 27)
  • पोमेश्वर जलतारे, पिता पुरुषोत्तम जलतारे (उम्र 33)
  • भूपेंद्र साहू, पिता रेशम साहू (उम्र 40)
  • कमलनयन साहू, पिता रामचरण साहू (उम्र 22)

मृतकों में दो सेना के जवान भी शामिल

जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सेना के जवान भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक की कुछ ही दिनों पहले शादी हुई थी। सभी मृतक और घायल नवागढ़ के एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

यह भी पढ़ें- भिलाई में SIR के काम के दौरान नशे में धुत BLO संग मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया केस

ट्रक चालक मौके से फरार

जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्थल निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। हादसे की गंभीरता और वाहन के हालात को देखते हुए तेज रफ्तार और लापरवाही को बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।



Source link