जांजगीर चांपा। शहर में गुरुवार को आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार कोयला व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों के चांपा स्थित चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी।
कार्रवाई की जद में अविनाश मुरारका, अंशुमान मुरारका, अंकुर मुरारका सहित विनोद अग्रवाल और उनके भाई बिलासपुर निवासी प्रमोद अग्रवाल के प्रतिष्ठान बताए जा रहे हैं।
गुरुवार की सुबह लगभग 11:30 बजे दो से अधिक वाहनों में सवार करीब 10 से 12 अधिकारी संबंधित प्रतिष्ठानों पर पहुंचे और भीतर प्रवेश कर जांच शुरू कर दी।
बिर्रा रोड स्थित एक प्रतिष्ठान पर “उड़नदस्ता” लिखी गाड़ी देखी गई, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई।
अधिकारियों के पहुंचते ही मुख्य गेट बंद करा दिए गए तथा बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। अंदर मौजूद कर्मचारियों को बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई और बाहरी लोगों का प्रवेश भी प्रतिबंधित कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीम राजधानी रायपुर से आई है और बिलासपुर व चांपा के ठिकानों पर समन्वित कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि दस्तावेजों, खातों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। हालांकि आयकर विभाग की ओर से देर शाम तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था, जिससे कार्रवाई की प्रकृति और कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
कार्रवाई की खबर फैलते ही शहर के व्यापारिक वर्ग में हलचल देखी गई। आसपास के रहवासियों के बीच भी पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा।
फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है। आधिकारिक पुष्टि और विभागीय बयान के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।