जांजगीर चांपा में दर्दनाक हादसा, हसदेव नदी में डूबने से तीन मासूमों की मौत, SDRF ने बरामद किए शव

Author name

December 12, 2025


Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में उस समय सबसे होश उड़ गए, जब हसदेव नदी के हनुमान धारा स्थित त्रिदेव घाट पर बुधवार को नहाने पहुंचे तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह स्कूल की छुट्टी होने पर तीनों दोस्त अपनी-अपनी साइकिल से हनुमान धारा नहाने पहुंचे थे।

Publish Date: Thu, 11 Dec 2025 06:33:39 PM (IST)

Updated Date: Thu, 11 Dec 2025 06:33:38 PM (IST)

जांजगीर चांपा में दर्दनाक हादसा, हसदेव नदी में डूबने से तीन मासूमों की मौत, SDRF ने बरामद किए शव
हसदेव नदी में डूबने से तीन मासूमों की मौत

नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर-चांपा। हसदेव नदी के हनुमान धारा स्थित त्रिदेव घाट पर बुधवार को नहाने पहुंचे तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को शोक और स्तब्धता में डाल दिया। मृतकों की पहचान रूद्र, युवराज और नेलशन के रूप में हुई है, जो क्रमशः 5वीं, 8वीं और 9वीं कक्षा के छात्र थे तथा मनका पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत थे।

जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह स्कूल की छुट्टी होने पर तीनों दोस्त अपनी-अपनी साइकिल से हनुमान धारा नहाने पहुंचे थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोज के दौरान मोबाईल लोकेशन का सहारा लिया गया, जहां त्रिदेव घाट के पास बच्चों की साइकिल, कपड़े और चप्पलें मिलीं। आशंका गहराने पर तुरंत पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पहुंची एसडीआरएफ की टीम

सूचना मिलते ही चांपा पुलिस, एसडीएम पवन कोसमा और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी अभियान को आसान बनाने के लिए हसदेव नदी का जल प्रवाह अस्थायी रूप से रोक दिया गया। रात में रेस्क्यू रोका गया, लेकिन गुरुवार सुबह 6 बजे पुनः तलाशी शुरू की गई। लगभग 50 मीटर दूर एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बच्चों के शव नदी से बरामद किए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल भेजा गया है।

एसडीएम पवन कोसमा ने बताया कि तीनों दिवंगत बच्चों के परिजनों को आकस्मिक मृत्यु मद से चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही, हादसा संभावित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि ऐसी दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। क्षेत्र में इस हादसे को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।



Source link