CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में चक्रधरनगर पुलिस ने धोखाधड़ी मामले के फरार आरोपी सुदीप मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में जिला जांजगीर-चांपा की महिला अनिता साहू के साथ 50 लाख की धोखाधड़ी की गई है।
Publish Date: Sun, 24 Aug 2025 08:08:15 PM (IST)
Updated Date: Sun, 24 Aug 2025 08:08:15 PM (IST)

HighLights
- नाबार्ड टेंडर का झांसा देकर महिला से 50 लाख की ठगी
- चक्रधरनगर पुलिस ने धोखाधड़ी प्रकरण में भेजा रिमांड जेल
- जांच में यह पूरा प्रकरण फर्जी पाया गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़। चक्रधरनगर पुलिस ने धोखाधड़ी मामले के फरार आरोपी सुदीप मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला ग्राम खोखरी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा की महिला अनिता साहू की लिखित शिकायत से जुड़ा है, जिसमें असीम कृपा फाउंडेशन के संचालक रंजीत चौहान और अन्य पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप दर्ज कराया गया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार महानदी एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, जो कृषि उत्पादों का व्यवसाय करती है का नवंबर 2024 में रंजीत चौहान ने नाबार्ड का 6 करोड़ रुपये का फर्जी टेंडर दिखाकर विश्वास दिलाया कि कंपनी को बड़ा फायदा होगा।
उसने भरोसा जताने के लिए टेंडर की नकली प्रति और 50 लाख रुपये का चेक दिखाया तथा ऑर्डर के पहले 50 लाख रुपये जमा करने की मांग की। इसके झांसे में आकर कंपनी के बोर्ड आफ डायरेक्टरों ने 27 लाख रुपये फाउंडेशन के खाते में और 23 लाख रुपये नकद दिए।
जांच में यह पूरा प्रकरण फर्जी पाया गया और आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में 21 मई को धारा 318 (4), 3 (5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आगे की विवेचना में नाबार्ड का टेंडर जाली दस्तावेज साबित होने पर धारा 336 (3), 338, 340 (2) बीएनएस भी जोड़ी गई।
यह भी पढ़ें- Share Trading Fraud: मोटा लाभ का झांसा देकर महिला से 59 लाख की ठगी, MP से गिरफ्तार हुए 4 ठग
मुख्य आरोपित रंजीत चौहान को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि सह-आरोपित सुदीप मंडल व अन्य फरार थे जिनकी लगातार पतासाजी की जा रही थी और कल 22 अगस्त को आरोपित सुदीप मंडल को पुलिस ने पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपित सुदीप मंडल (40) पिता अर्जुन मंडल निवासी सुभाष नगर बंगाली कालोनी चक्रधरनगर रायगढ़ को आज चक्रधरनगर पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।