CG News: रायगढ़ शहर के मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर लगे सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरे अब केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि स्वच्छता की निगरानी भी कर रहे हैं। नगर निगम प्रशासन ने सड़क किनारे कचरा फेंकने वालों पर नियंत्रण पाने के लिए यह नई पहल शुरू की है। इसके तहत, नगर निगम इन कैमरों के फुटेज के आधार पर कचरा फेंकने वाले पर जुर्माना लगा रहा है।
Publish Date: Sat, 15 Nov 2025 09:29:15 PM (IST)
Updated Date: Sat, 15 Nov 2025 09:29:15 PM (IST)

HighLights
- कचरा फेंकने वालों पर नियंत्रण पाने के लिए यह नई पहल शुरू
- सुरक्षा के लिए लगाए कैमरों से स्वच्छता की भी होगी निगरानी
- कचरा फेंकने वाले की पहचान कर उन पर जुर्माना लगाया जाएगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़। शहर के मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर लगे सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरे अब केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि स्वच्छता की निगरानी भी कर रहे हैं। नगर निगम प्रशासन ने सड़क किनारे कचरा फेंकने वालों पर नियंत्रण पाने के लिए यह नई पहल शुरू की है। इसके तहत, नगर निगम इन कैमरों के फुटेज के आधार पर कचरा फेंकने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन पर जुर्माना लगा रहा है। हाल ही में आलोक सिटी मॉल और होटल एकार्ड प्रीमियम जैसे प्रतिष्ठानों सहित तीन व्यक्तियों को कैमरे द्वारा पकड़े जाने पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना चुकाना पड़ा है।
कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि शहर के विभिन्न मार्गों पर कचरा फेंका जा रहा था। इसे रोकने के लिए समझाइश दी गई और कई स्थानों पर रंगोली, गमले और गार्बेज फ्री केंद्र बनाए गए। इसके बावजूद लोग सड़क पर कचरा फेंकना नहीं छोड़ रहे थे। इस समस्या के समाधान के लिए सीसीटीवी फुटेज का उपयोग कर कचरा फेंकने वालों की पहचान की गई है। इस पहल के तहत, बुधवार से अब तक तीन व्यक्तियों से कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। आयुक्त ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अब नगर निगम प्रशासन इन कैमरों का उपयोग स्वच्छता की निगरानी में भी कर रहा है।
स्वच्छता सर्वेक्षण में लंबी छलांग
भारत सरकार द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में तीन लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रायगढ़ को 56वां स्थान मिला है। यह पिछले साल की तुलना में एक सुधार है, जिसमें शहर को 95वां स्थान मिला था। रैंकिंग में बेहतर नंबर की वजह नगर निगम ने स्वच्छता व्यवस्था पर बेहतर काम करना, चौक-चौराहें की रंगाई-पोताई के साथ कई ही आकर्षक कलात्मक कार्यों से संदेश दिया गया।
यह भी पढ़ें- Gwalior में पकड़े गए बांग्लादेशी परिवार की अब घर वापसी, 9 लोगों को हावड़ा के लिए किया रवाना
नगर निगम आयुक्त ने की अपील
रायगढ़ नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौक चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, कचरा फेंकने या पानी बहाने की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। दूसरे फेस में गली-मोहल्ले में कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि वे शहर में चल रहे स्वच्छता अभियान में सहयोग करते हुए कचरा गाड़ी में ही डालें।