नईदुनिया न्यूज, सारंगढ़। जिला मुख्यालय से चार किलोमीटर दूर ग्राम दानसरा में महिला शक्ति ने वह कर दिखाया है, जो वर्षों तक असंभव था। गांव की 70 महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि को आस्था और संकल्प में बदलते हुए श्रीराम मंदिर निर्माण की नींव रखी। यह मंदिर न केवल ईंट–पत्थरों का ढांचा है, बल्कि महिला सशक्तिकरण, सामाजिक एकजुटता और श्रद्धा का जीवंत प्रतीक बन चुका है।
महिलाओं द्वारा गठित मंदिर निर्माण समिति के अनुसार मंदिर निर्माण, प्राण प्रतिष्ठा एवं धार्मिक आयोजनों पर 50 लाख रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। समिति के सतत प्रयासों और समाज के सहयोग से मंदिर का मुख्य ढांचा लगभग पूर्ण हो चुका है। अब मंदिर अपने अंतिम चरण में है, जहां शिखर निर्माण, रंग–रोगन, साज–सज्जा एवं सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शेष हैं।
महिला समिति की इस पहल को जनसमर्थन भी लगातार मिल रहा है। मंदिर निर्माण हेतु मुख्यमंत्री द्वारा 5 लाख रुपये, वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा एक लाख रुपये, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण मालाकार द्वारा 1 लाख रुपये, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष जलान, शिवरीनारायण निवासी पवन की बुआ, संदीप की हुआ—सभी द्वारा 51–51 हजार रुपये तथा पूर्व कलेक्टर द्वारा 20,500 रुपये का सहयोग प्रदान किया गया है।
नईदुनिया में प्रकाशित खबर बनी प्रेरणा
महिलाओं की इस अनुकरणीय पहल को नईदुनिया में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद यह अभियान प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा इसे अपने फेसबुक पेज पर साझा किए जाने के बाद मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता ग्राम दानसरा पहुंचे और महिलाओं के साहस, समर्पण व संगठन शक्ति की सराहना की।
अध्यक्ष चमेली की भावुक अपील
मंदिर निर्माण समिति की अध्यक्ष चमेली ने नईदुनिया प्रतिनिधि से चर्चा में कहा, ‘हमने अपनी सीमित राशि और विश्वास के साथ प्रभु श्रीराम के मंदिर का संकल्प लिया था। समाज के सहयोग से आज मंदिर लगभग पूर्णता की ओर है। अब साज–सज्जा और अंतिम कार्यों के लिए सहयोग की आवश्यकता है। हम सभी श्रद्धालुओं और दानदाताओं से आग्रह करते हैं कि आगे आकर इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें, ताकि मंदिर पूर्ण भव्यता के साथ तैयार हो सके।’
25 जनवरी को होगा कुम्भ भराई कार्यक्रम
इसी कड़ी में ग्राम दानसरा में 25 जनवरी 2026 (रविवार) को कुम्भ भराई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर को लेकर पूरे गांव में उत्साह और भक्ति का माहौल है। महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पेयजल में कीड़े मिलने से दहशत, आज इन जगहों पर नहीं होगी पानी की सप्लाई
ग्रामवासियों की सामूहिक अपील
ग्राम दानसरा के समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं से परिवार सहित उपस्थित होकर कुम्भ भराई कार्यक्रम को सफल बनाने और महिला शक्ति के इस ऐतिहासिक प्रयास का साक्षी बनने की अपील की है।