बिहार चुनाव से पहले BJP का मास्टरस्ट्रोक, यादव समाज को साधने के लिए CG में हरियाणा फार्मूला से करेगी मंत्रीमंडल का विस्तार

Author name

August 20, 2025


CG Politics: मध्यप्रदेश में यादव समाज से मोहन यादव (MP CM Mohan Yadav) को मुख्यमंत्री बनाने के बाद BJP ने अब छत्तीसगढ़ में भी इसी समुदाय को साधने की रणनीति बनाई है। छत्तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 सीटें हैं और नियमानुसार मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्रियों को शामिल करने का प्रविधान है। वर्तमान में मंत्रिमंडल में 11 मंत्री हैं और अब तीन नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है।

By Sandeep Tiwari

Publish Date: Mon, 18 Aug 2025 08:07:52 AM (IST)

Updated Date: Mon, 18 Aug 2025 08:09:20 AM (IST)

बिहार चुनाव से पहले BJP का मास्टरस्ट्रोक, यादव समाज को साधने के लिए CG में हरियाणा फार्मूला से करेगी मंत्रीमंडल का विस्तार
BJP Masterstroke CG: बिहार चुनाव पर नजर, यादव समाज को साधने के लिए गजेंद्र का मंत्री बनना तय।

HighLights

  1. बिहार चुनाव को देखते हुए अहम होगा फैसला।
  2. यादव समाज को साधने में जुटी BJP
  3. हरियाणा फार्मूला से CG में 14वां मंत्री की गुंजाइश।

डिजिटल डेस्क: मध्यप्रदेश में यादव समाज से मोहन यादव (MP CM Mohan Yadav) को मुख्यमंत्री बनाने के बाद BJP ने अब छत्तीसगढ़ में भी इसी समुदाय को साधने की रणनीति बनाई है। सूत्रों के अनुसार इसमें दुर्ग जिले के विधायक गजेंद्र यादव को मंत्री बनाए जाने पर शीर्ष नेतृत्व से सहमति मिल गई है। इसी तरह आरंग के विधायक व अनुसूचित जाति समाज के गुरु खुशवंत साहेब का भी मंत्रिमंडल में आना लगभग तय है। मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा ने तात्कालिक समीकरण के साथ-साथ जातिगत तथा क्षेत्रीय समीकरण को साधने की कोशिश की है।

बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए अहम होगा फैसला

गजेंद्र यादव को मंत्री बनाने की चर्चा तात्कालिक समीकरण को देखते हुए ही हो रही है। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांत संघचालक बिसराराम यादव के पुत्र हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि उन्हें मंत्री बनाकर पार्टी न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी यादव समाज को मजबूत संदेश दे सकेगी। खासकर बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह कदम अहम माना जा रहा है। बिहार की राजनीति में यादव समुदाय का विशेष महत्व है। राज्य की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी लगभग 14 प्रतिशत है। यही कारण है कि वे वहां एक बड़ा वोट बैंक माने जाते हैं। चर्चा है कि भाजपा नेतृत्व चाहता है कि छत्तीसगढ़ में यादव नेता को मंत्री बनाकर बिहार के यादव मतदाताओं को भी संदेश दिया जाए कि पार्टी उन्हें सम्मान और हिस्सेदारी दे रही है।

हरियाणा फार्मूला से 14वां मंत्री की गुंजाइश

छत्तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 सीटें हैं और नियमानुसार मुख्यमंत्री समेत 13 मंत्रियों को शामिल करने का प्रविधान है। वर्तमान में मंत्रिमंडल में 11 मंत्री हैं और अब तीन नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है। चर्चा यह भी है कि हरियाणा की तर्ज पर यहां 14 मंत्री बनाए जा सकते हैं। हरियाणा में भी 90 सीटें हैं और वहां 14 मंत्री हैं। यदि हरियाणा फार्मूला चला तो प्रदेश में बिलासपुर से अमर अग्रवाल, सरगुजा से राजेश अग्रवाल और बसना विधायक संपत अग्रवाल में से किसी एक को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि मंत्री पद की दौड़ में कुरूद के भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, रायपुर-पश्चिम के विधायक व पूर्व मंत्री राजेश मूणत, रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा का नाम भी है।

21 अगस्त को होगा साय का विदेश दौरा

चर्चा है कि भाजपा शीर्ष नेतृत्व से कैबिनेट विस्तार को मंजूरी मिल चुकी है। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 21 अगस्त से जापान और दक्षिण कोरिया का आधिकारिक दौरा प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के विदेश रवाना होने से पहले ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा और नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। दो दिन पहले इस बात को लेकर अटकलें तब और बढ़ गईं जब मुख्यमंत्री अचानक राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात करने पहुंचे। बताया जा रहा है कि नए मंत्रियों के नाम तय कर लिए गए हैं और मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को इस संबंध में जानकारी भी दे दी है। जल्द ही मंत्रियों के शपथ ग्रहण की तारीख तय होने की संभावना है।



Source link