प्रदेश में आगामी तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद चार दिनों तक तापमान में विश …और पढ़ें

HighLights
- राजधानी में आज 35.8 डिग्री अधिकतम,
- अगले तीन दिन 2 डिग्री तक और बढ़ने के संकेत
- अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: राजधानी समेत प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा है।
दिन में हल्की गर्माहट और सुबह-शाम हल्की ठंडक का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद चार दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन के संकेत नहीं हैं। यानी होली से पहले गर्मी का असर धीरे-धीरे तेज होता नजर आएगा।
ऐसा रहेगा मौसम
रायपुर शहर के लिए 4 मार्च का स्थानीय पूर्वानुमान जारी करते हुए मौसम विभाग ने बताया है कि आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वर्षा की कोई संभावना नहीं है। रायपुर में औसत आर्द्रता 45 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि बादल छाए रहने की मात्रा करीब 20 प्रतिशत रही। हवा की गति लगभग 2 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिससे मौसम शांत बना रहा।
अन्य शहरों का हाल
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा बिलासपुर में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 17.5 डिग्री, पेण्ड्रारोड में अधिकतम 32.8 डिग्री और न्यूनतम 16.4 डिग्री, जगदलपुर में अधिकतम 35.5 डिग्री और न्यूनतम 17.5 डिग्री, दुर्ग में अधिकतम 36.5 डिग्री दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में मौसम का यू-टर्न… भोपाल समेत इन जिलों में 6 मार्च से बादल और हल्की बारिश के आसार
द्रोणिका का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर ओडिशा से दक्षिण छत्तीसगढ़ होते हुए विदर्भ तक समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका सक्रिय है, लेकिन इसका प्रभाव फिलहाल वर्षा के रूप में नहीं दिख रहा है। प्रदेश में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। आगामी दो दिनों के बाद भी प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
तापमान में बढ़ोतरी के संकेतों को देखते हुए दोपहर के समय धूप से बचाव की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी का असर तेज होने लगा है, ऐसे में दिन के समय सावधानी बरतना जरूरी है।