छत्तीसगढ़ कर रहा खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी, देशभर के जनजातीय खिलाड़ी इन सात खेलों में दिखाएंगे प्रतिभा

Author name

January 2, 2026


राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर: देश में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स (Khelo India National Tribal Games), की मेजबानी प्रदेश को मिली है। यह आयोजन फरवरी में होगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय से खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार के लिए मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह वाहन राज्य के सभी जिलों में जाएगी। आयोजन के शुभंकर मोरवीर, थीम-सांग और मशाल के साथ प्रदेशभर में लोगों को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की जानकारी देगी।

उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि देश में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की जिम्मेदारी प्रदेश को मिली है। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय युवा कार्यक्रम व खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार जताते हुए कहा कि इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में सात खेलों को शामिल किया गया है। इनमें हॉकी, फुटबाल, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती, एथलेटिक्स और वेटलिफ्टिंग शामिल हैं। इसमें भागीदारी करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए सात और आठ जनवरी को ट्रायल होगा।

बिलासपुर स्थित स्वर्गीय बीआर यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में तीरंदाजी, तैराकी और एथलेटिक्स के लिए ट्रायल होगा। वहीं हाकी, फुटबाल, कुश्ती और वेटलिफ्टिंग के लिए ट्रायल रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में होगा।

यह भी पढ़ें- पढ़ाते-पढ़ाते स्कूल में शिक्षक को आया Heart Attack, निधन से नए साल के पहले ही दिन शोक की लहर

मुख्यमंत्री ने रायपुर साहित्य उत्सव की वेबसाइट का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में गुरुवार को रायपुर साहित्य उत्सव की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कौशल विकास मंत्री खुशवंत साहेब तथा छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन 23 से 25 जनवरी तक किया जाएगा, जिसमें देशभर के प्रख्यात साहित्यकार, लेखक, कवि, पत्रकार और पाठक शामिल होंगे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक-सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा और युवा पीढ़ी को लेखन व पठन के लिए प्रेरित करेगा।



Source link