डीजी जेल हिमांशु गुप्ता समेत 25 छत्तीसगढ़ के अफसरों को राष्ट्रपति पदक, 14 जांबाजों को मिलेगा वीरता पुरस्कार

Author name

January 25, 2026


राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस और जेल विभाग के लिए यह गौरव का क्षण है। स्वतंत्रता दिवस 2025 के मौके पर घोषित राष्ट्रपति पुलिस पदकों से राज्य के महानिदेशक जेल हिमांशु गुप्ता सहित कुल 25 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सम्मानित किए जाएंगे।

इन सभी को सोमवार, 26 जनवरी 2026 को रायपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में रमेन डेका द्वारा राष्ट्रपति पदक प्रदान किया जाएगा।

इनको किया जाएगा सम्मानित

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार, डीजी जेल हिमांशु गुप्ता को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक मिलेगा। वहीं सराहनीय सेवाओं के लिए आईजी ध्रुव गुप्ता (अअवि पीएचक्यू), डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत ठाकुर, सेनानी 19वीं वाहिनी छसबल जगदलपुर श्वेता राजमणी, एसपी कोरिया रवि कुमार कुर्रे, निरीक्षक (अ/स्टेनो) पीएचक्यू कौशिल्या भट्ट, समनि (गुप्तवार्ता) पीएचक्यू रोहित कुमार झा, निरीक्षक विशेष शाखा पीएचक्यू कमलेश कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मियों का चयन किया गया है।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की विभिन्न वाहिनियों के प्लाटून व कंपनी कमांडरों और आरक्षकों को भी यह सम्मान मिलेगा।

वीरता पदक सम्मान

नक्सल प्रभावित सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में अदम्य साहस का परिचय देने वाले 14 अधिकारी-कर्मियों को राष्ट्रपति का वीरता पदक प्रदान किया जाएगा। इनमें सुकमा के शहीद एएसआई रामूराम नाग, आरक्षक कुंजाम जोगा और वंजाम भीमा को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जाएगा।

सुकमा एसपी शर्मा समेत अन्य को वीरता पदक

वीरता पदक पाने वालों में सुकमा एसपी सुनील शर्मा, उपनिरीक्षक संदीप कुमार माडिले, आरक्षक मड़कम पांडू, मड़कम हड़मा, मड़कम देवा, बारसे हुंगाए, रोशन गुप्ता, सूरज कुमार मरकाम, माड़वी सन्नू सहित छसबल के अधिकारी शामिल हैं। यह सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस के साहस, समर्पण और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।



Source link