बोर्ड परीक्षा से पहले बड़ी लापरवाही, रायपुर में बाइक से भेजे जा रहे 10वीं और 12वीं के प्रश्नपत्र

Author name

February 18, 2026


नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए गोपनीय सामग्री जिलों में भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को रायपुर स्थित जेएन पांडेय स्कूल परिसर से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय सामग्री रवाना की गई।

हालांकि, सामग्री के परिवहन के तरीके को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ शिक्षक परीक्षा सामग्री को बस और यहां तक कि बाइक से ले जाते नजर आए। संवेदनशील मानी जाने वाली प्रश्नपत्र सामग्री को दोपहिया वाहनों से भेजे जाने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इससे सुरक्षा और गोपनीयता दोनों पर खतरा बढ़ सकता है।

निष्पक्षता पर चिंता

विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा सामग्री के परिवहन और भंडारण में किसी भी तरह की लापरवाही से परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। इससे बोर्ड की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लग सकता है। आमतौर पर प्रश्नपत्र सीलबंद पैकेटों में कड़ी सुरक्षा और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पहुंचाए जाते हैं।

ऐसे में बस या बाइक से ढुलाई को लेकर सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल उठ रहे हैं। मंडल अधिकारियों से इस संबंध में प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।

थानों में सुरक्षित रखी जाएगी सामग्री

जानकारी के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों के थाना या चौकी में प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखा जाएगा। परीक्षा तिथि के अनुसार निर्धारित समय पर इन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।

इस वर्ष छत्तीसगढ़ में 10वीं के 6,839 स्कूलों के 3,21,571 विद्यार्थी 2,510 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे, जबकि 12वीं के 4,231 स्कूलों के 2,45,859 विद्यार्थी 2,396 केंद्रों पर शामिल होंगे। कुल मिलाकर प्रदेशभर से 5,46,430 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है।

सीजी बोर्ड की परीक्षाएं 20 फरवरी से प्रारंभ होने जा रही हैं। ऐसे में गोपनीय सामग्री के परिवहन को लेकर उठे सवालों ने परीक्षा प्रबंधन की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर बहस तेज कर दी है।



Source link