CG News: छत्तीसगढ़ के भवानीपुर में स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम पलारी दीपक कुमार निकुंज ने शासकीय प्राथमिक शाला बलौदी का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने ना केवल भोजन की गुणवत्ता का सूक्ष्मता से जायजा लिया, बल्कि बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर खाना खाया।
Publish Date: Fri, 05 Dec 2025 09:47:18 PM (IST)
Updated Date: Fri, 05 Dec 2025 09:47:18 PM (IST)

नईदुनिया न्यूज भवानीपुर। स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम पलारी दीपक कुमार निकुंज ने शासकीय प्राथमिक शाला बलौदी का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम. ने न केवल भोजन की गुणवत्ता का सूक्ष्मता से जायजा लिया, बल्कि बच्चों के साथ ज़मीन पर बैठकर मध्यान्ह भोजन किया और उनसे खुलकर बातचीत की।
एसडीएम निकुंज डिप्टी कलेक्टर देवाशीष संकुल और बलौदी के समन्वयक मंतराम वर्मा के साथ स्कूल पहुंचे और सबसे पहले रसोई घर का मुआयना किया। इसके बाद वे सीधे बच्चों के पास गए और उनके साथ बैठकर परोसे गए भोजन को चखकर, उसमें पोषक तत्वों की मात्रा, स्वाद और स्वच्छता का विशेष रूप से परीक्षण किया।
बच्चों ने एसडीएम को बताया कि उन्हें स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन मिलता है, जिससे उनकी पढ़ाई में मन लगता है और सेहत अच्छी रहती है। बच्चों के साथ भोजन करने के बाद एसडीएम निकुंज ने मीडिया से कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना का उद्देश्य केवल भूख मिटाना नहीं, बल्कि बच्चों को पोषण प्रदान करना भी है। यहां की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने हेडमास्टर रेवा मंडल एवं शिक्षक शत्रुहन पैकरा व कृष्ण कुमार वर्मा को भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने और स्वच्छता के प्रति विशेष सजग रहने के निर्देश दिए।