रायपुर के पुरानी बस्की इलाके में महिला डॉक्टर की चेन स्नेचिंग का मामला सामने आया है। आरोपी युवक महिला की सोने की चेन लूटकर मौके से फरार हो गया। घटना क …और पढ़ें

HighLights
- महिला डॉक्टर से रोड पर झपटमारी
- सड़क पर खड़ा युवक चेन छीनकर भागा
- 8 दिन बाद महिला ने दर्ज कराई शिकायत
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: राजधानी में चोरी और लूटपाट जैसे मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। शहर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में भी एक महिला डॉक्टर से झपटमारी का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 20 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है, जब पीड़िता टहलने निकली थीं। अज्ञात युवक ने उनके गले से करीब 14.8 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और दीवार फांदकर रिंग रोड की ओर भाग निकला। मामले में 8 दिन बाद 28 फरवरी को FIR दर्ज की गई है।
वालफोर्ट सिटी रोड पर वारदात
पुलिस के अनुसार घटना रायपुर के भांठागांव इलाके में वालफोर्ट सिटी रोड से विनायक सिटी जाने वाले मार्ग पर हुई। पीड़िता एमबीबीएस तक शिक्षित हैं और वर्तमान में शहर के निजी अस्पताल में पदस्थ हैं।
उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि वे शाम को टहलते हुए विनायक सिटी के आगे खाली जगह की ओर पहुंचीं। तभी सड़क पर खड़े एक दुबले-पतले, लंबे और सांवले युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। आरोपी पास की दीवार फांदकर फरार हो गया।
डेढ़ लाख की चेन लेकर भागा
पीड़िता के अनुसार चेन की कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये है। घटना के तुरंत बाद उन्होंने अपने पति और परिचित को फोन पर जानकारी दी। परिवार से सलाह-मशविरा करने के बाद 28 फरवरी को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के घेरे में 50 बड़े अफसर, कई के खिलाफ अबतक नहीं मिली जांच की अनुमति
बीएनएस की धारा में अपराध दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की तलाश जारी
रिपोर्ट में आरोपी का हुलिया दुबला-पतला, लंबा और काला बताया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। शहर में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।