School Viral Video: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मोवा के कक्षा कक्ष के भीतर चाकू लहराने का वीडियो …और पढ़ें

HighLights
- क्लासरूम में हथियार लहराने वाला छात्र गिरफ्तार
- साथ देने वाले तीन नाबालिगों की होगी काउंसलिंग
- वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने आरोपी को दबोचा
रायपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मोवा के कक्षा कक्ष के भीतर चाकू लहराने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित छात्र सुशांत प्रधान (19) को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य तीन विधि से संघर्षरत बालकों की काउंसलिंग कराई जाएगी।
डीसीपी नार्थ जोन के मार्गदर्शन में थाना पंडरी पुलिस द्वारा मामले की जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपित सुशांत प्रधान, जो कक्षा 12वीं का छात्र है और बीएसयूपी कालोनी सड्डू का निवासी है, लगभग एक माह पूर्व स्कूल परिसर में चाकू लेकर आया था। उसने कक्षा के भीतर अपने दोस्तों को चाकू दिखाया, इसी दौरान साथ मौजूद तीन अन्य छात्रों ने चाकू हाथ में लेकर वीडियो बनाया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस द्वारा आरोपित को तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अवैध रूप से चाकू रखने और स्कूल परिसर में ले जाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद कर जब्त किया गया। वीडियो में शामिल अन्य तीन छात्र विधि से संघर्षरत पाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- नाश्ते की रिक्वेस्ट पड़ी भारी, सीयू कैंपस में मेस कर्मचारी ने छात्र को चाकू लेकर दौड़ाया, आरोपी दो भाई गिरफ्तार
उनकी भूमिका गौण होने के कारण दंडात्मक कार्रवाई के बजाय सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और काउंसलिंग कराई जाएगी। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को भी अनुशासन व सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।