Anti Maoist Operation: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर संभाग से आए माओवाद पीड़ितों को आश्वस्त किया है कि सरकार माओवाद के समूल उन्मूलन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के मनोबल को तोड़ने या अभियान में बाधा डालने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने माओवाद पीड़ित परिवारों के साथ सरकार की एकजुटता को दोहराया।
By Prashant Pandey
Publish Date: Fri, 02 May 2025 10:47:44 AM (IST)
Updated Date: Fri, 02 May 2025 10:56:02 AM (IST)

HighLights
- सीएम का बयान- माओवाद के समूल उन्मूलन के लिए सरकार प्रतिबद्ध।
- छत्तीगसढ़ के बस्तर में स्थायी शांति और समावेशी विकास का है लक्ष्य।
- माओवाद पीड़ितों ने सीएम को सौंपा ज्ञापन, राज्यपाल से भी की मुलाकात।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर(Anti Maoist Operation)। कुर्रेगुट्टा में चलाया जा रहा अभियान निर्णायक चरण में है। बस्तर में माओवाद के समूल उन्मूलन के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार किसी भी कीमत पर इस अभियान को पूर्ण करेगी, ताकि बस्तर के विकास को गति मिले। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर संभाग से आए माओवाद से पीड़ित लोगों को आश्वस्त करते हुए यह बात कही।
सुकमा, बीजापुर, कांकेर सहित बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों के माओवाद पीड़ितों का एक प्रतिनिधि मंडल गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर उनसे मिलने के लिए आया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि माओवाद सिर्फ एक हिंसक आंदोलन नहीं बल्कि सह-अस्तित्व पर आधारित संस्कृति पर खतरा भी है। प्रत्येक माओवाद पीड़ित परिवार के साथ सरकार खड़ी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुरक्षा बलों के मनोबल को तोड़ने या अभियान में बाधा डालने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बस्तर में स्थायी शांति और समावेशी विकास ही सरकार का लक्ष्य है। यह तभी संभव है जब क्षेत्र को हिंसा और भय के साए से पूरी तरह मुक्त किया जाए।
हजारों परिवार माओवादी आतंक की विभीषिका का सामना कर रहे
इससे पहले प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कुर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में चल रहे माआवोद विरोधी अभियान को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बस्तर के हजारों परिवार माओवादी आतंक की विभीषिका का सामना कर रहे हैं।
माओवादियों ने क्षेत्र की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक बुनियाद को गहरा नुकसान पहुंचाया है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।
राज्यपाल रमेन डेका से भी की मुलाकात
राज्यपाल रमेन डेका से राजभवन में प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया। राज्यपाल ने कहा कि माओवाद प्रभावितों को हर संभव मदद की जाएगी। माआवोदी हिंसा से जो दिव्यांग हुए हैं, उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है।