CG News: महानदी के मुख्य नहर में बड़ी दरार पड़ने से गांव में मची अफरा-तफरी, भ्रष्टाचार का लगा आरोप

Author name

September 9, 2025


आरंग के पास कुकरा गांव में महानदी के मुख्य नहर में एक बड़ी दरार आ गई है। जिस कारण गांव और खेतों में नहर का पानी घुस गया है। ग्रामीणों ने अपनी ओर से आनन-फानन में दरार भरने की कोशिश की। वहीं सूचना मिलने पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नहर की मरम्मत करवाई।

Publish Date: Mon, 08 Sep 2025 10:56:26 AM (IST)

Updated Date: Mon, 08 Sep 2025 11:08:43 AM (IST)

CG News: महानदी के मुख्य नहर में बड़ी दरार पड़ने से गांव में मची अफरा-तफरी, भ्रष्टाचार का लगा आरोप
नहर का टूटा हुआ हिस्सा

HighLights

  1. महानदी की नहर में 15 से 20 फीट की दरार
  2. आरंग विधानसभा में कुकरा गांव के पास दरार
  3. ग्रामीणों के खेतों में घुसा पानी, मची अफरा-तफरी

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: राजधानी के आरंग विधानसभा क्षेत्र में स्थित महानदी लखौली मुख्य नहर के टूटने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना ग्राम कुकरा के पास की बताई जा रही है, जहां नहर के प्रथम गेट के समीप करीब 15 से 20 फीट की दरार बन गई है। तेज बहाव के चलते नहर का पानी खेतों में भर गया, जिससे फसलें तबाह होने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचकर बबूल और छिन के पेड़ों की डंगाल डालकर पानी के तेज बहाव को रोकने की कोशिश में जुट गए हैं। वहीं, जेसीबी मशीनें मंगाकर मिट्टी भराव का कार्य भी शुरू किया गया है। कुकरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में भरे पानी के चलते धान की खड़ी फसलें डूबने का खतरा बना हुआ है।

नहर निर्माण में बड़ा भ्रष्टाचार

ग्रामीणों का कहना है कि जल संसाधन विभाग ने आरंग में करीब 16 किलोमीटर नहर निर्माण में बड़ा भ्रष्टाचार किया है। गुणवत्ताहीन निर्माण के कारण ही नहर टूट गई है। लंबे समय से नहर की मरम्मत और रखरखाव को लेकर शिकायतें की जाती रही हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।

अधिकारियों को दी गई जानकारी

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर ने तत्काल रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह, जिला सीईओ विश्वरंजन, एसडीएम अभिलाषा पैकरा और एसडीओ प्रमोद पाल को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि तुरंत मरम्मत कार्य प्रारंभ करने और पानी के बहाव को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अचानक पानी भर जाने से फसलों के साथ-साथ गांवों में पानी घुसने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

जल संसाधन विभाग पर उठे सवाल

घटना के बाद से ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नहर की निगरानी और मरम्मत होती, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं अधिकारी प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंचाई विभाग का अमला, प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी मौके की ओर रवाना हो चुके हैं। स्थिति को जल्द नियंत्रण में लेने के प्रयास जारी हैं।

यह भी पढ़ें- CG News: उपभोक्ताओं के जेब पर गिरी ‘बिजली’, ‘हाफ बिजली बिल योजना’ में बदलाव का ऐसा हुआ असर

गंगाधर खार क्षेत्र में ग्राम कुकरा के पास नहर फूटने की खबर प्राप्त हुई है। सिंचाई विभाग की टीम को तत्काल मौके पर रवाना कर दिया गया है। मरम्मत कार्य किया जा रहा है।

-अभिलाषा पैंकरा, एसडीएम



Source link