Chhattisgarh weather: प्रदेश से जल्द ही मानसून की विदाई हो जाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि दक्षिण पूर्वी मानसून आने वाले 2-3 में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से लौट जाएगा। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं राज्य के कई इलाकों में हल्की ठंड ने दस्तक दे दिया है।
Publish Date: Sun, 12 Oct 2025 08:08:35 AM (IST)
Updated Date: Sun, 12 Oct 2025 08:12:45 AM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दक्षिण पूर्व मानसून की विदाई की बेला आ गई है। अगले दो से तीन दिनों में मानसून उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से विदाई लेने को तैयार है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून जाते-जाते राजधानी समेत आसपास के जिलों को भिगोएगा।
इधर, राज्य के कई जिलों में सुबह और शाम गुलाबी सर्दी आ चुकी है। पेण्ड्रारोड में बीते 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री दर्ज किया गया है जो राज्य में न्यूनतम है। वहीं राजनांदगांव में भी पारा 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
राजधानी में शनिवार सुबह से ही बादलों ने डेरा डाले रखा। बीच-बीच में छिटपुट बारिश भी होती रही। शाम ढलते ही मौसम खुशनुमा हो गया। रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री घटकर 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यायधानी में शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली-गर्जना के साथ जमकर मेघ बरसे। आधे घंटे की बरसात ने शहर में जलभराव ला दिया। निचले इलाकों में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। पुराना बस स्टैंड, विनोबा नगर, हंसा विहार, श्रीकांत वर्मा मार्ग की कालोनियों में घुटनों तक पानी भर गया। राहत की बात यह कि वर्षा के बाद ठंडी हवाएं चली। शाम को मौसम खुशनुमा बन गया।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 15 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ से मानसून विदा हो सकता है। इधर ठीक पहले शहर में शनिवार को जबरदस्त मौसम बना। सुबह धूप खिली लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान में काले बादलों ने घेराबंदी कर दी। दोपहर दो बजे के लगभग चारों ओर अंधेरा छा गया। मेघ गर्जना और आकाशीय बिजली से लोग सहम गए। तेज हवाओं के साथ जोरदार वर्षा शुरू हुई। आधे घंटे की बरसात ने पूरे शहर को नहला दिया।
दिन के तापमान में कमी
एक दिन पहले शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शनिवार को गिरकर 29 डिग्री सेल्सिययस पर आ गया। तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री कम था। मौसम के इस बदले हुए व्यवहार से लोग काफी आनंदित हुए। उमस और गर्मी से राहत के साथ सर्दी के मौसम का भी अहसास दिलाया। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ठंड धीरे-धीरे अपना पैर पसारेगी।
यह भी पढ़ें- डिजिटल सिग्नेचर के नाम पर 50 लाख रुपये की अवैध वसूली, 1580 स्कूलों को बनाया शिकार
मौसम में उतार-चढ़ाव
मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि अरब सागर में बने चक्रवात, बंगाली की खाड़ी में बने सिस्टम के चलते यह वर्षा हुई है। आने वाले दिनों में निश्चित रूप से वर्षा की गतिविधियों में कमी आएगी किंतु हवा के दबाव के कारण बीच-बीच में उतार-चढ़ाव भी बने रह सकता है। एकाएक ठंड शुरू होगी या बरसात पूरी तरह थम जाएगी अभी एक-दो दिन नहीं कहा जा सकता।