Chhattisgarh Ka Mausam: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार छत्तीसगढ़ में 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है। राज्य में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड का असर बढ़ने और रात के तापमान में गिरावट का अनुमान है। ठंड को देखते हुए रायपुर नगर निगम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है।
Publish Date: Fri, 05 Dec 2025 08:21:11 AM (IST)
Updated Date: Fri, 05 Dec 2025 08:25:24 AM (IST)

HighLights
- छत्तीसगढ़ में दुर्ग सबसे गर्म, अंबिकापुर 6.9 डिग्री के साथ सबसे ठंडा
- उत्तर की हवा के असर से प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका
- अब उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में ठंड और तेज महसूस होगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में कोई सक्रिय प्रणाली नहीं है। ऐसे में रात का तापमान लगातार नीचे उतरने के चलते उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में ठंड और तेज महसूस होगी। प्रदेश में गुरुवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहा, जिसके चलते सुबह और देर शाम ठंड का असर और गहरा महसूस हुआ।
राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकार्ड हुआ। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री, सामान्य से 0.6 डिग्री कम, और न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री, सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सुबह की नमी 62-79 प्रतिशत तक रही, जबकि शाम तक यह घटकर 38-59 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई। दिनभर खुश्क हवाओं ने वातावरण को अधिक शुष्क बनाए रखा।
अगले 48 घंटे में ठंड और बढ़ेगी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में आगामी 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1–3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है। राज्य में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड का असर बढ़ने और रात के तापमान में गिरावट का अनुमान है।
शीतलहर से राहत के लिए नगर निगम ने की अलाव की व्यवस्था
रायपुर नगर निगम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है। महापौर मीनल चौबे और आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नरों द्वारा रोजाना अलाव उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसमें महादेवघाट, महोबा बाजार, चंगोराभाठा, जयस्तंभ चौक, कलेक्टर आफिस, मोतीबाग, तेलीबांधा मरीन ड्राइव, भाठागांव बस स्टैंड समेत दो दर्जन से अधिक स्थान शामिल हैं।