CG weather: मानसून के वापसी के साथ ही अब छत्तीसगढ़ के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले दो दिनों में प्रदेश से मानसून की विदाई हो जाएगी। इसके साथ ही कई इलाकों में हल्की गुलाबी ठंड की भी शुरुआत हो चुकी है। वहींं सोमवार को रायपुर सहित प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।
Publish Date: Mon, 13 Oct 2025 08:02:57 AM (IST)
Updated Date: Mon, 13 Oct 2025 08:04:53 AM (IST)

HighLights
- रायपुर में हल्की बारिश की संभावना
- उत्तरी जिलों में सुबह शाम हल्की ठंड
- अगले दो दिनों में मानसून की वापसी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: राजधानी रायपुर और प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान गिर गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.5 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने बताया कि सापेक्ष आद्रता 82 प्रतिशत सुबह और 67 प्रतिशत शाम रिकार्ड की गई। बिलासपुर, पेण्ड्रारोड और दुर्ग में भी तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहा।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश
प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी बस्तर संभाग में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिसमें बिलासपुर में अचानक तेज़ बारिश हुई। सबसे अधिक 90 मिमी बारिश अंतागढ़ में रिकार्ड की गई।
मानसून की वापसी
मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी अगले 2-3 दिनों में शुरू होने की संभावना है। इसके चलते प्रदेश में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 3 जिलों के किसानों को मिलेगा पीएम धन्य-धान्य और दलहन आत्मनिर्भरता योजना का लाभ
ऐसा रहेगा राजधानी का मौसम
राजधानी में 13 सोमवरा को आंशिक रूप से बादल रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 31डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से बाहर जाते समय सावधानी बरतने और बारिश के दौरान सतर्क रहने का अनुरोध किया है। आने वाले 2-3 दिनों में मानसून की वापसी के कारण प्रदेश में आंशिक से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है।