CG के चित्रोत्पला फिल्म सिटी में ‘गदर’ के निर्माता अनिल शर्मा बनाएंगे अपनी अगली मूवी, मुख्यमंत्री ने रखी आधारशिला

Author name

January 25, 2026


राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार व विधिवत पूजा-अर्चना के साथ चित्रोत्पला फिल्म सिटी व ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के निर्माण की आधारशिला रखी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ का बरसों पुराना सपना साकार हो गया है। भूमिपूजन के साथ ही पर्यटन विभाग को फिल्म निर्माण व कन्वेंशन सेंटर में इकाइयों की स्थापना के लिए चार प्रस्ताव मिले, जो मुख्यमंत्री को सौंपे गए।

मिले ये प्रस्ताव

  • फिल्म गदर के निर्माता अनिल शर्मा ने अपनी आगामी फिल्म का निर्माण चित्रोत्पला फिल्म सिटी में करने का प्रस्ताव दिया।
  • इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमेन राकेश कुमार ने ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर में इंटरनेशनल एक्जीबिशन सेंटर व ट्रेड मार्ट के निर्माण का प्रस्ताव दिया।
  • एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फार हैंडीक्राफ्ट्स के चेयरमेन नीरज खन्ना ने वर्ल्ड क्लास हैंडीक्राफ्ट्स एंड गिफ्ट फेयर करने का प्रस्ताव दिया।
  • एटी फिल्म्स हालीवुड से आशुतोष वाजपेयी ने हालीवुड फिल्मों व स्ट्रीमिंग वीडियो कंटेंट को चित्रोत्पला फिल्म सिटी में लाने का प्रस्ताव सौंपा।

चित्रोत्पला फिल्म सिटी व ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर 150 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 100 एकड़ में विकसित किया जाएगा। इसके लिए दो वर्षों का समय निर्धारित किया गया है। परियोजनाओं का क्रियान्वयन पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के अंतर्गत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त निजी क्षेत्र से करीब 300 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।

राज्य के प्राकृतिक दृश्य, पर्यटन स्थल एवं समृद्ध संस्कृति फिल्म शूटिंग के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। हाल के वर्षों में प्रदेश में न्यूटन, जहानाबाद, कौन प्रवीण तांबे, द ग्रेट इंडियन मर्डर, ग्राम चिकित्सालय जैसी फिल्मों व वेब सीरीज़ की शूटिंग हो चुकी है, जिससे राज्य में वाणिज्यिक फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं स्पष्ट होती हैं।

यह भी पढ़ें- बस्तर का धुड़मारास: जहां ठहरना भी एक यात्रा है… मिट्टी के घर, सितारों भरा आसमान और धुरवा जनजाति का अद्भुत आतिथ्य

1500 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन हॉल का निर्माण

फिल्म सिटी में गांव, शहर व गलियों के सेट, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, जेल व पुलिस चौकी, स्कूल-कालेज, मंदिर व अन्य सार्वजनिक स्थलों के सेट, स्कल्प्चर गार्डन, शापिंग स्ट्रीट, प्रोडक्शन ऑफिस, स्टूडियो, प्रशासनिक भवन व पार्किंग विकसित की जाएगी।

साथ ही पर्यटकों के लिए टाय म्यूजियम, स्नो वर्ल्ड, होटल, रेस्टोरेंट, मल्टीप्लेक्स व एक्सपीरियंस सेंटर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर में लगभग 1500 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन हाल विकसित किया जाएगा।



Source link