CGPSC घोटाले में बड़ा खुलासा, मुख्य परीक्षा का प्रश्न पत्र एक साल पहले से ही दबाकर बैठी रही परीक्षा नियंत्रक

Author name

October 2, 2025


सीबीआई को जांच में केवल सीजीपीएससी-2021 ही नहीं, बल्कि पांच साल के भीतर हुई कई भर्ती परीक्षाओं में भी प्रश्नपत्र लीक होने का पता चला है। सीबीआई इसका जल्द ही राजफाश करेगी। वर्ष 2020 की प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र प्राप्त होने पर अध्यक्ष सोनवानी ने अपने रिश्तेदारों, करीबियों तक इसे पहुंचाया। वर्ष 2021 की परीक्षा में सचिव जीवन किशोर ध्रुव के पुत्र सुमित ध्रुव डिप्टी कलेक्टर बने, जबकि सोनवानी ने अपने बेटे नितेश, बहू निशा कोसले, भतीजे साहिल सोनवानी, भाभी दीपा आडिल और अन्य को विभिन्न पदों पर चयनित करवाया। सीबीआई ने 15 जुलाई 2024 को ध्रुव के भिलाई स्थित निवास पर छापेमारी व तलाशी के दौरान वर्ष 2021 की मुख्य परीक्षा के पेपर नंबर सात और पेपर दो के अभ्यास उत्तर बरामद करने का उल्लेख भी आरोप पत्र में किया है। फिलहाल सभी आरोपित रायपुर जेल में बंद हैं।

कॉल डिटेल खंगाला तो खुला राज

सीबीआइ ने अभ्यर्थियों के घरों से हार्ड डिस्क और पेन ड्राइव बरामद की। साथ ही, उनके और स्वजनों के बैंक खातों की जांच की गई। पीएससी अधिकारियों और अभ्यर्थियों के बीच पांच साल की काल डिटेल और लोकेशन रिकार्ड खंगाले गए, ताकि पता चल सके कि परीक्षा के दौरान कितनी बार संपर्क हुआ और मुलाकातें हुईं। जांच टीम ने प्रश्नपत्र छापने वाली प्रिंटिंग प्रेस एकेडी प्रिंटर्स पर भी छापा मारकर मालिक और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। यहां के संचालक अरुण कुमार द्विवेदी आरोपित अधिकारियों के संपर्क में रहे।

पूर्व सहायक परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर और पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक के साथ पिछले वर्षों में चयनित हुए अभ्यर्थियों के स्वजन से हुई बातचीत, वाट्सएप चैटिंग व अन्य पर जांच जारी है। अभी केवल टामन और जीवन किशोर ध्रुव के करीबियों के बारे में सीबीआई ने पता की है। अब जांच की सुईं ललित गणवीर और आरती वासनिक समेत तत्कालीन समय में राज्यपाल के सचिव रहे अधिकारियों की भी चयनित अभ्यर्थियों से करीबी होने पर जांच जारी है।

विनीत खेवर(टामन का भतीजा) और उसकी पत्नी श्वेता के बीच वाट्सएप पर बातचीत

श्वेता: गुड मार्निंग।

विनीत खेवर: श्वेता… श्वेता… श्वेता…

विनीत खेवर: गुड मार्निंग।

विनीत खेवर: मिशा डिप्टी कलेक्टर बन गई 🙂

श्वेता: भैया, नितेश का नहीं हो सका।

विनीत खेवर: अच्छा, उसका सरनेम सोनवानी है तो बहुत बवाल होता।

श्वेता: हां।

विनीत खेवर: और एक दीदी थीं न…

श्वेता: दीपा भाभी, वो भी कोई अधिकारी बन गईं।

विनीत खेवर: अच्छा है। मेरी तरफ़ से भी उन्हें बधाई देना।

विनीत खेवर: मैंने खुद नहीं कहा है।

श्वेता: …हूं

विनीत खेवर: श्वेता… श्वेता 🙂

विनीत खेवर: मिलूंगा तो बोलूंगा।

श्वेता: जब बोलोगे तब बोल देना।

विनीत खेवर: हां, ठीक है।

विनीत खेवर: सुमित भैया का शायद फॉरेस्ट डिपार्टमेंट में करवाएंगे। किसी को बताना मत।

श्वेता: नहीं, मैं किसको बताउंगी।

विनीत खेवर: ओके।

भर्ती प्रक्रिया और ये है विवाद

यह मामला वर्ष 2021 की भर्ती परीक्षा से जुड़ा है। प्रारंभिक परीक्षा 13 फरवरी 2022 को हुई, जिसमें 171 पदों के लिए 2565 अभ्यर्थी पास हुए। इसके बाद 26 से 29 मई 2022 तक हुई मुख्य परीक्षा में 509 उम्मीदवार सफल रहे। अंतिम साक्षात्कार के बाद 11 मई 2023 को 170 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी हुई। इसके बाद गड़बड़ी, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे। आरोप था कि योग्य उम्मीदवारों को नज़रअंदाज़ कर, प्रभावशाली राजनेताओं और अधिकारियों के रिश्तेदारों को डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी समेत उच्च पदों पर चुना गया।

इस पर तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, सचिव जीवन किशोर ध्रुव, परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक,बजरंग पावर एंड इस्पात के निदेशक श्रवण कुमार गोयल सहित अन्य खिलाफ एफआइआर दर्ज की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के अनुरोध पर सीबीआइ ने जांच शुरू की और कई ठिकानों पर छापेमारी कर आपत्तिजनक दस्तावेज़ बरामद किए। अब तक कुल 12 आरोपित गिरफ्तार होकर जेल में बंद है।



Source link