रायपुर के बैरागी बाड़ा क्षेत्र में पुरानी रंजिश और विवाद के कारण पिता और बेटे ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों आरोपियों ने मिलकर बड़े पत्थर ने युवक का सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद मुख्य आरोपी बेटा मौके से फरार है, वहीं पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
By Roman Tiwari
Publish Date: Fri, 25 Jul 2025 11:07:20 AM (IST)
Updated Date: Fri, 25 Jul 2025 11:10:09 AM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: राजधानी रायपुर अब अपराधों का शहर बनता जा रहा है। पिछले कुछ समय में शहर में कई खतरनाक हत्याओं के मामले सामने आ गए हैं। वहीं अब रायपुर के विसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सद्दू के बैरागी बाड़ा में गुरुवार रात एक और हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।
इलाके में एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजा चंदवानी (32 वर्ष) के रूप में हुई है। हत्या की यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात मृतक राजा चंदवानी आरोपी अर्जुन बैरागी के घर पहुंचा था और वहां गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ा कि अर्जुन और उसके पिता ने मिलकर राजा पर पत्थर से हमला कर दिया। सिर पर वार लगने से राजा की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्य आरोपी फरार, पिता गिरफ्तार
घटना के बाद से आरोपी अर्जुन बैरागी फरार है, जबकि उसका पिता पुलिस हिरासत में है। विसभा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि, रायपुर में पिछले 7 दिनों में यह सातवीं हत्या है। शहर में लगातार बढ़ रहे अपराधों के कारण पुलिस प्रशासन के कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसा लगता है जैसे लोगों के दिल से कानून का डर ही समाप्त हो गया है।