CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित एम्स रायपुर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की तीसरी मंजिल से गिरने से एक मरीज की मौके पर ही …और पढ़ें

HighLights
- तीसरी मंजिल से गिरने से मरीज की मौत
- बी-ब्लॉक के बी4 वार्ड में चल रहा था इलाज
- आमानाका थाना पुलिस जांच में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित एम्स रायपुर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की तीसरी मंजिल से गिरने से एक मरीज की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान करण नायक बंजारा के रूप में हुई है, जो रक्त संबंधी बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती था। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक अस्पताल के बी-ब्लॉक स्थित बी4 वार्ड में भर्ती था। उपचार के दौरान वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा अमला सक्रिय हुआ।
पुलिस ने तुरंत शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह दुर्घटना थी, आत्महत्या या फिर किसी प्रकार की लापरवाही का परिणाम। अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वार्ड में मौजूद स्टाफ व मरीजों से पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में सुरक्षा के समुचित इंतजाम नहीं हैं। उनका कहना है कि यहां मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चूक सामने आई है।