जापान में JETRO के प्रतिनिधियों से मिले CM साय, राज्य को निवेश के लिए किया आमंत्रित

Author name

August 24, 2025


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने जापान दौरे पर शनिवार को जेट्रों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य में आइटी, टेक्सटाइल्स, एयरोस्पेस और आटोमोबाइल क्षेत्र में निवेश करने पर जोर दिया। साथ ही सीएम ने जापान में रह रहे भारतीय लोगों के साथ भी मुलाकात की।

Publish Date: Sun, 24 Aug 2025 02:17:32 PM (IST)

Updated Date: Sun, 24 Aug 2025 02:22:25 PM (IST)

जापान में JETRO के प्रतिनिधियों से मिले CM साय, राज्य को निवेश के लिए किया आमंत्रित
मुख्यमंत्री साय ने JETRO के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

HighLights

  1. मुख्यमंत्री साय ने जेट्रो के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
  2. छत्तीसगढ़ में निवेश एवं औद्योगिक सहयोग को लेकर चर्चा
  3. मुख्यमंत्री ने डीप स्पेश प्रदर्शनी का किया अवलोकन

राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान दौरे से छत्तीसगढ़ में नए निवेश, नवाचार और प्रोद्योगिकी के क्षेत्र में विस्तार की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री साय ने शनिवार को अपने जापान प्रवास के दौरान टोक्यो में जापान एक्सटर्नल ट्रेड आर्गनाइजेशन (जेट्रो) के वरिष्ठ प्रतिनिधियों नाकाजो काज़ुया, एंडो युजी और हारा हारुनोबू से भेंट कर निवेश एवं औद्योगिक सहयोग के संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में आइटी, टेक्सटाइल्स, एयरोस्पेस, आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स एवं स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया गया। मुख्यमंत्री ने जेट्रो के प्रतिनिधियों को प्रदेश की तेज़ी से प्रगति कर रही अर्थव्यवस्था में निवेश के नए अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया। साय ने राज्य की निवेशक-अनुकूल नीतियों, हाल के सुधारों तथा स्टार्टअप और नई पीढ़ी के उद्योगों को प्रदान किए जा रहे सशक्त सहयोग पर प्रकाश डाला।

उभरता औद्योगिक व निवेश गंतव्य छत्तीसगढ़ :सीएम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़, भारत के हृदय स्थल में स्थित एक उभरता हुआ औद्योगिक एवं निवेश गंतव्य है। राज्य सरकार पारदर्शी नीतियों, सुगम प्रक्रियाओं और मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना के माध्यम से वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रही है। जेट्रो प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा से छत्तीसगढ़ और जापान के बीच आर्थिक सहयोग की नई संभावनाओं को बल मिलेगा।

साय ने विश्वास व्यक्त किया कि जापान प्रवास से छत्तीसगढ़ को निवेश, नवाचार और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के क्षेत्र में ठोस परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य प्रदेश को न केवल औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है बल्कि उसे अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से विश्व पटल पर एक सशक्त पहचान दिलाना भी है।

डीप स्पेश प्रदर्शनी का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आयोजित ‘डीप स्पेश – टू द मून एंड बीओन्ड’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचारों की यह समृद्ध झलक, आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भारत सरकार के सहयोग से विकसित किए जा रहे स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को नई दिशा और प्रेरणा देगी।

यह भी पढ़ें- CG EV Subsidy: 56 हजार से अधिक ग्राहकों के अटके 127 करोड़ रुपये, 2023 के बाद नहीं मिला पैसा

जापान में बसे भारतीयों से किया संवाद

मुख्यमंत्री साय ने जापान में बसे भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी भेंट एवं संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने उन्हें राज्य की हालिया नीतिगत पहल, छत्तीसगढ़ में निवेश के प्रति सकारात्मक माहौल तथा बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन पर केंद्रित प्रयासों से अवगत कराया। भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने मुख्यमंत्री साय को आश्वस्त किया कि वे छत्तीसगढ़ और जापान के बीच संबंधों को सशक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देंगे तथा जापानी व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ में निवेश अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।



Source link