रायपुर के व्यापारी ने भोपाल के कारोबारी पर 75 लाख की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। आरोपी कारोबारी ने व्यापार में मुनाफे का झांसा देकर ठगी की। पैसे ल …और पढ़ें

HighLights
- सरस्वती नगर थाने में अपराध दर्ज
- मुनाफे का लालच देकर 75 लाख ठगे
- आरोपी के 31 लाख का चेक हुआ बाउंस
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: व्यापार में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर रायपुर में एक व्यापारी से 75 लाख रुपये ठग लिए गए हैं। पीड़ित की शिकायत पर सरस्वती नगर थाना पुलिस ने भोपाल निवासी व्यापारी सैय्यद इरशाद के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
जुलाई 2022 से चल रहा था लेन-देन
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मीनारायण मंदिर रोड, कोटा निवासी अमृत लाल बिलथरे ने लिखित शिकायत में बताया कि वे सात्विक एग्रो फूड प्रोडक्ट्स के नाम से खाद्य पदार्थों के क्रय-विक्रय और कमीशन का व्यवसाय करते हैं। वर्ष 2022 में पड़ोसी के माध्यम से उनकी पहचान भोपाल निवासी सैय्यद इरशाद से हुई, जिसने खुद को बड़े स्तर का खाद्य एवं फल कारोबारी बताया।
धीरे-धीरे दोनों के बीच व्यावसायिक बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने व्यापार में पैसा लगाने पर अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। विश्वास में आकर शिकायतकर्ता ने नगद और बैंक खाते के माध्यम से टुकड़ों में लगभग 75 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
मुनाफा तो दूर, मूल रकम भी नहीं लौटाई
शिकायत के अनुसार लंबे समय तक आरोपी मुनाफा देने का आश्वासन देता रहा। जब भी पैसे की मांग की जाती, आज-कल कहकर टालता रहा। बाद में उसने 31 लाख रुपये का एक चेक दिया, जो बैंक में लगाने पर खाता बंद होने के कारण बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी व्यापारी के खिलाफ थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है।
यह भी पढ़ें- ‘सीनियर सिटीजन कार्ड’ के नाम पर रायपुर में बुजुर्ग से 5 लाख की ठगी, APK फाइल ओपन करते ही खाते से उड़ी रकम
शुक्रवारी बाजार में महिला से झपटमारी, गले से सोने की चेन पार
रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कोटा स्थित शुक्रवारी बाजार में महिला से झपटमारी हुई है। सब्जी खरीदने पहुंची महिला के गले से अज्ञात महिला ने सोने की चेन झपटकर फरार हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भवानी नगर कोटा निवासी सुरभि बघेल ने लिखित शिकायत में बताया कि 27 फरवरी की शाम वह अपनी मां पद्मा बघेल के साथ शुक्रवारी बाजार सब्जी लेने गई थीं। दोनों पंडरपुरी चाय के सामने सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला सिर ढके हुए उनके आस-पास घूमती रही।
परिजनों को लगा कि वह भी सब्जी खरीद रही है। कुछ देर बाद जब उनकी मां को गले में हलचल महसूस हुई और हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब थी। पीड़िता के अनुसार गले से झपटी गई चेन लगभग एक तोला सोने की थी, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है। घटना शाम करीब 7:45 से 8 बजे के बीच की बताई गई है।