रायपुर में हैवान पिता ने मासूम को पीट-पीटकर मार डाला, 15 दिन से झेल रहा था यातनाएं, मां भी जानती थी सब कुछ

Author name

November 20, 2025


Raipur News: छत्तीसगढ़ के रायपुर में ढाई साल के मासूम की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बच्चा पिछले 15 दिनों से लगातार शारीरिक यातनाएं झेल रहा था। आरोप है कि सौतेले पिता आसिब खान ने मासूम को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसके शरीर की हड्डियां तक टूट गईं।

Publish Date: Thu, 20 Nov 2025 02:03:35 PM (IST)

Updated Date: Thu, 20 Nov 2025 02:03:35 PM (IST)

रायपुर में हैवान पिता ने मासूम को पीट-पीटकर मार डाला, 15 दिन से झेल रहा था यातनाएं, मां भी जानती थी सब कुछ
रायपुर में हैवान पिता ने मासूम को पीट-पीटकर मार डाला

HighLights

  1. ढाई साल के मासूम की मौत ने पूरे इलाके को झकझोरा
  2. पिछले 15 दिनों से लगातार शारीरिक यातना झेल रहा था बच्चा
  3. बच्चे की मां सबकुछ जानती थी, लेकिन घटना को छिपाए रखा

नईदुनिया प्रतिनिधि रायपुर। कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर सतनामी पारा में ढाई साल के मासूम की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। बच्चा पिछले 15 दिनों से लगातार शारीरिक यातना झेल रहा था। आरोप है कि सौतेले पिता आसिब खान (24) ने मासूम को इतने बुरी तरह पीटा कि उसके शरीर की हड्डियां तक टूट गईं। पुलिस के अनुसार आरोपी बच्चे को रास्ते से हटाना चाहता था। हैरानी की बात यह है कि बच्चे की मां रेशमी ताम्रकार इस अत्याचार से पूरी तरह वाकिफ थी, लेकिन उसने घटना को छिपाए रखा।

इलाज के दौरान बच्चे की मौत

मृतक बच्चे का नाम प्रशांत सेन (2 वर्ष 7 माह) है। मंगलवार दोपहर तबीयत बिगड़ने पर उसे एम्स रायपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से अननेचुरल डेथ (हत्या संबंधित) दर्ज की गई। डाक्टरों ने बच्चे के शरीर पर गंभीर अंदरूनी चोटें, नाक, सीने और पेट में गहरे घाव मिलने की पुष्टि की है। शरीर में 30 अधिक फ्रैक्चर पाए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि रेशमी ताम्रकार ने पहली शादी से हुए अपने बच्चे को आसिब खान के साथ रहने के बाद से प्रताड़ना सहते देखा, लेकिन किसी को बताया नहीं।

दोनों ने बच्चे से मारपीट की बात स्वीकारी

पुलिस पूछताछ में दोनों ने बच्चे को लगातार मारपीट करने की बात स्वीकार की है। जांच अधिकारियों ने कहा कि बच्चे को पिछले 15 दिनों से लगातार हाथ-मुक्कों से पीटा जा रहा था। पुलिस ने परिजन, पड़ोसी गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, और घटनास्थल निरीक्षण के आधार पर हत्या की पुष्टि की है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।

घटना से क्षेत्र में लगातार आक्रोश

स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चा अक्सर घायल दिखाई देता था लेकिन मां हर बार बहाना बनाकर बात को टाल देती थी। घटना से क्षेत्र में गहरा आक्रोश है। लोग पूछ रहे हैं कि अगर समय पर किसी ने आवाज उठाई होती तो एक मासूम की जान शायद बच सकती थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि मां ने घटना क्यों छिपाई और क्या बच्चे पर अत्याचार पहले भी किए गए थे। दोनों आरोपियों को जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा।



Source link